सूरजपुर। सूरजपुर जिले में पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शनिवार सुबह रेड नदी में नहाने उतरे एक ही परिवार के चार लोग गहरे पानी में समा गए। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सरस्वतीपुर के कोन्हाखार मोहल्ले के पास यह हृदयविदारक हादसा हुआ। मृतकों में 40 वर्षीय विवेक सिंह और उनका बेटा अभिजीत सिंह शामिल हैं, साथ ही विवेक की साली के दो पुत्र गोपाल कृष्ण और कृष्ण गोपाल की भी डूबने से मौत हो गई। बिहार के कटिहार से दशहरा मनाने आए इस परिवार को शनिवार को ही वापस लौटना था, लेकिन इस दुखद घटना ने परिजनों को कभी न भरने वाला गहरा जख्म दे दिया।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर के चंदरपुर निवासी नेहा सिंह ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। त्योहार मनाने के लिए उनके पति विवेक सिंह, पुत्र अभिजीत, माता-पिता और बहन के दोनों बच्चे बिहार के कटिहार से आए थे। शनिवार को सभी की घर वापसी निर्धारित थी। इसी बीच सुबह विवेक सिंह स्कूटी से पंपापुर स्थित महामाया मंदिर में दर्शन करने गए। वहां से उन्होंने बेटे अभिजीत और दोनों भांजों को फोन कर सरस्वतीपुर के कोन्हाखार स्थित रेड नदी के पास बुला लिया। चारों ने घर लौटने से पहले नदी में स्नान करने की योजना बनाई थी।




