Home » राष्ट्रीय » CJP की दोबारा आंदोलन की चेतावनी, बोली-सरकार ने समझौता तोड़ा; देशभर में सैकड़ों छात्र अरेस्ट, झूठे मुकदमे किए

CJP की दोबारा आंदोलन की चेतावनी, बोली-सरकार ने समझौता तोड़ा; देशभर में सैकड़ों छात्र अरेस्ट, झूठे मुकदमे किए

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को चेतावनी दी कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी और गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं मिली, तो वह फिर से आंदोलन शुरू करेगी।

पार्टी प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि सरकार ने समझौता तोड़ा है। बिहार और पश्चिम बंगाल में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर झूठे मुकदमों में फंसाया गया है।

दिल्ली में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेता आशुतोष रांका, सौरव दास के साथ एडवोकेट कपिल सिब्बल भी मौजूद थे। उन्होंने कहा- मेरा रोल इस पार्टी के कानूनी मसलों में मदद करना है।

CJP ने कहा कि हमने एक पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके जरिए पीड़ित छात्र अपनी परेशानी शेयर कर सकते हैं। वे केस इन्फॉर्मेशन और वीडियो भी शेयर कर सकते हैं।

CJP बोली- देश के अन्य राज्यों में छात्रों को गिरफ्तार किया जा रहा है

इससे पहले दिन में CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को X पर लिखा था कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में छात्रों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पार्टी का कहना है कि उसने देशव्यापी आंदोलन केंद्र सरकार के इस आश्वासन पर स्थगित किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।

CJP ने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है, तो यह लाखों युवाओं के विश्वास के साथ धोखा होगा।

CJP की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें…

  • CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट पर “साक्षी (Saakshi)” नाम का एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया।
  • इस प्लेटफॉर्म पर 20 जुलाई के ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई से जुड़े फोटो और वीडियो सुरक्षित तरीके से अपलोड कर सकेंगे। इसके इस्तेमाल की विस्तृत गाइड भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
  • सौरव दास ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद हुई कथित पुलिस हिंसा से जुड़े सभी फोटो और वीडियो इस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करें।
  • गंभीर चोट पहुंचाने, हाथ-पैर तोड़ने, पेलेट गन चलाने या अन्य किसी तरह की कथित ज्यादती करने वाले पुलिस और RAF कर्मियों की पहचान की जाएगी।
  • दास ने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई जाएंगी, एफआईआर कराने की कोशिश होगी और जरूरत पड़ने पर अदालत में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram