Home » कोरबा » कोरबा: आमने-सामने दो बाइक की टक्कर, एक युवक ने मौके पर ही तोड़ा दम; दो की हालत गंभीर

कोरबा: आमने-सामने दो बाइक की टक्कर, एक युवक ने मौके पर ही तोड़ा दम; दो की हालत गंभीर

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चांपा मुख्य मार्ग पर मड़वारानी के पास दो बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

मृतक की पहचान 18 वर्षीय निखलेश कंवर के रूप में हुई है। वह जांजगीर चांपा के कमरीद सरगांव का निवासी था। हादसे में निखलेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान चली गई। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी।

एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जो देर रात कोरबा पहुंचे। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।

यह घटना गुरुवार देर रात को सामने आई। एक बाइक पर तीन लोग चांपा से कोरबा की ओर आ रहे थे। दूसरी बाइक पर एक युवक कोरबा से चांपा की तरफ जा रहा था। बताया गया है कि एक बाइक सवार गलत दिशा में था। इसी कारण दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर कई ऐसे स्थान हैं। जहां आसपास के ग्रामीण नेशनल हाईवे को बीच से पार करते हैं। इस लापरवाही के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यह मार्ग पहले भी कई हादसों का गवाह रहा है। सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की आवश्यकता है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram