कोरबा । कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत घंटाघर मुख्य मार्ग पर सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। यहां दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसमें दो गुटों के युवक आपस में मारपीट करते नजर आए। मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, हालांकि कुछ युवकों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद फिर भड़क गया।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले युवक रविशंकर शुक्ल नगर और आसपास के रहने वाले हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले आए।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर धारा 151 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है।



