वाशिंगटन/ तेहरान। अमेरिका ने शनिवार देर रात ईरान पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, न्यूक्लियर सिटी बुशहर समेत असालुयेह, बंदर-ए-देयर, जास्क और चाबहार के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने इन इलाकों में धमाकों की पुष्टि की है।
अमेरिका के मुताबिक यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर हुए हमले के जवाब में की गई। CENTCOM के मुताबिक, हमले में जहाज में आग लग गई, इंजन को भारी नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य लापता है।
हमलों के बाद ईरान ने भी सख्त चेतावनी दी है। विदेश मंत्रालय के सलाहकार अली सफारी ने कहा कि अमेरिका को इस कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा। साथ ही ईरान ने साफ किया कि जब तक अमेरिकी दखल जारी रहेगा, तब तक होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा।
ईरान ने UAE, कतर, कुवैत और बहरीन पर हमला किया
अमेरिका की एयरस्ट्राइक के बाद ईरान ने UAE, कतर और बहरीन को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले किए गए। वहीं कतर और UAE में मिसाइल-ड्रोन हमले की चेतावनी के बाद अलर्ट जारी किया गया।
AP के मुताबिक, कतर में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद मिसाइल अलर्ट बजाया गया। बहरीन में भी सायरन बजे। यहां अमेरिकी नौसेना का 5वां बेड़ा तैनात है।
वहीं, UAE ने भी संभावित मिसाइल और ड्रोन हमले की चेतावनी जारी की। हालांकि वहां किसी हमले या नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ईरान बार-बार जहाजों को निशाना क्यों बना रहा?
होर्मुज पर अपना नियंत्रण बनाए रखना: ईरान चाहता था कि सभी जहाज उसके तय किए गए रूट से गुजरें और उसकी बनाई ट्रांजिट अथॉरिटी में रजिस्ट्रेशन कराएं। इससे उसे होर्मुज पर नियंत्रण और भविष्य में शुल्क वसूलने का अधिकार मिलता।
ओमान के वैकल्पिक रूट का विरोध: ओमान ने अपने तट के पास नया समुद्री मार्ग शुरू कर दिया, जिससे जहाज ईरान के नियंत्रण वाले रूट से बचकर निकल सकते थे। ईरान को लगा कि इससे होर्मुज पर उसकी पकड़ कमजोर हो जाएगी।
अमेरिका पर दबाव: ईरान को लग रहा है कि अमेरिका क्षेत्र में उसकी ताकत कम करने की कोशिश कर रहा है और हॉर्मुज का कंट्रोल लेना चाहता है।
ईरान के बंदर-ए-महशहर में एयर डिफेंस एक्टिव
अमेरिका के हमलों के बीच ईरान ने दक्षिण-पश्चिमी शहर बंदर-ए-महशहर में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिया है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, खुज़ेस्तान प्रांत के इस शहर में हवाई सुरक्षा प्रणाली अलर्ट पर है।
स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल यह नहीं बताया है कि शहर पर कोई हमला हुआ है या नहीं। हालांकि एयर डिफेंस सक्रिय होने से माना जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियां किसी संभावित हवाई खतरे पर नजर बनाए हुए हैं।
बुशहर में किसी नुकसान की खबर नहीं
अमेरिका की एयरस्ट्राइक के बाद ईरान ने दावा किया है कि बुशहर प्रांत में अब तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। बुशहर प्रांत के डिप्टी गवर्नर एहसान जहांनियान ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक न कोई मारा गया है और न ही कोई घायल हुआ है।
उन्होंने बताया कि बुशहर, असालुयेह और बंदर-ए-देयर समेत कई शहरों को निशाना बनाया गया था। हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।




