नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अर्नब तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक यह 28 अक्टूबर की सुबह तक तट के पास पहुंच सकता है। इस दौरान इसके भीषण तूफान में बदलने की आशंका है। इस दौरान 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 140 किमी/घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात चक्रवात अर्नब 15 किमी/घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। उस समय यह विशाखापट्टनम से 730 किमी और बापटला से 990 किमी दूर था। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को तूफान की हवाओं की रफ्तार 100 से 125 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि आगे बढ़ने के साथ इसकी रफ्तार कम हो सकती है।
चक्रवात को लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा में हाई अलर्ट है। इसका असर बाकी राज्यों में भी दिखेगा। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत 15 राज्यों में 28 अक्टूबर से मौसम बदलने का अनुमान है। इन राज्यों में बादल छाने और बारिश की संभावना है।
सैटेलाइट मैप में देखें बादलों की स्थिति…

देशभर से मौसम की तस्वीरें…




हरियाणा : मंडियों में भीगा 810 करोड़ का धान
पश्चिमी विक्षोभ के चलते शनिवार रात हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जीटी बेल्ट समेत प्रदेश के कई जिलों में किसानों और आढ़तियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल में पेड़ गिरने, बिजली के खंभे टूटने और आपूर्ति बाधित होने के साथ मंडियों में खुले में रखा 3.32 लाख मीट्रिक टन (करीब 810 करोड़ रुपये) धान भीग गया। कैथल की मंडियों में करीब दो लाख और कुरुक्षेत्र में एक लाख मीट्रिक टन धान भीग गया। करनाल में करीब 30 हजार मीट्रिक टन धान बारिश की चपेट में आया। करनाल की नई अनाज मंडी में उठान नहीं होने से शेड के बाहर रखे कट्टों के आसपास पानी जमा हो गया।
केरलम और आंध्र में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 26 और 27 अक्तूबर के लिए केरलम और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि तमिलनाडु-पुडुचेरी में ऑरेंज अलर्ट है। कर्नाटक, रायलसीमा में यलो अलर्ट है।
ओडिशा में अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
ओडिशा सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें तत्काल अपने मुख्यालय लौटने का निर्देश दिया गया है। ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल की 60 टीमें और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 17 टीमें तैनात की गई हैं।
इन राज्यों में होगी बारिश
चक्रवाती तूफान के प्रभाव और पश्चिमी विक्षोभ के चलते देश के आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और गोवा समेत 15 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड और कश्मीर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी
पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। रविवार को जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में सीजन की पहली और केदारधाम में दूसरी बर्फबारी हुई। वहीं, कश्मीर घाटी में पर्यटन स्थलों पहलगाम और गुलमर्ग में इस मौसम में पहली बार रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज हुआ।




