वॉशिंगटन । वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस संवाददाता डिनर के दौरान उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक गोलीबारी की घटना हो गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए डोनाल्ड ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि इतने हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान इस तरह की चूक को बड़ी विफलता माना जा रहा है। हालांकि सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
लेविट का बयान क्यों हो रहा वायरल?
हालांकि इस मामले में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट का एक बयान खूब चर्चा में आ गया है। जहां उन्होंने एक पत्रकार से बातचीत में मजाक-मजाक में कहा था कि आज रात गोलियां चलने वाली है। लेविन ने इस बात पर जोर दिया था कि राष्ट्रपति का भाषण क्लासिक डोनाल्ड जे. ट्रंप जैसा होगा। इस बयान को अब लोग घटना से जोड़कर देख रहे हैं और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
वहीं कार्यक्रम के प्रसारण को लेकर भी तैयारी चल रही थी और दर्शकों को टीवी पर कवरेज देखने के लिए कहा गया था। लेकिन गोलीबारी की घटना ने पूरे माहौल को बदल दिया और कार्यक्रम की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया। यह घटना अब जांच के घेरे में है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद हमलावर अंदर तक कैसे पहुंचा या हमला करने की कोशिश कैसे हुई।



