नई दिल्ली। हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में गए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक पर पंजाब में 2 प्राथमिकी दर्ज हुई है। सांसद के खिलाफ पंजाब के 2 अलग-अलग जिलों में अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों ही प्राथमिकी गैर-जमानती धाराओं में उनके खिलाफ दर्ज हुई हैं। दिल्ली में रह रहे सांसद पर अब गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच संदीप पाठक अपने दिल्ली के घर से जल्दबाजी में निकलते नजर आए। बता दें कि राघव चड्ढा के साथ आप से बगावत कर संदीप पाठक, बीजेपी में गए हैं।
हाथ में सूटकेस लिए जल्दबाजी में दिखे
आवास के जिस दरवाजे से संदीप पाठक बाहर निकले, उसके बाहर घास जमी हुई है। इससे साफ प्रतीत होता है कि इस दरवाजे का इस्तेमाल आमतौर पर आने-जाने के लिए नहीं किया जाता है। घर से निकलते वक्त वह काफी जल्दबाजी में दिखाई दिए। इस दौरान, उनके हाथ में एक सूटकेस भी नजर आया।
पंजाब पुलिस के बारे में पुष्टि नहीं
पुलिस सूत्रों ने कहा कि संदीप पाठक को भनक लग गई थी कि पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली आ रही है। इस कारण वह आवास के पिछले गेट से गायब हुए। हालांकि पंजाब पुलिस दिल्ली आई या नहीं इस को लेकर दिल्ली पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को लेकर पूरी तरह चुप्पी साधी हुई थी।



