Home » ईरान युद्ध » ‘ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म’, पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोले ट्रंप; ईरान बोला- अमेरिका जंग खत्म करे तो 2 दिन में खोल देंगे होर्मुज

‘ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म’, पत्रकारों से बातचीत के दौरान बोले ट्रंप; ईरान बोला- अमेरिका जंग खत्म करे तो 2 दिन में खोल देंगे होर्मुज

वॉशिंगटन/ तेहरान । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। उन्होंने सोमवार को कहा कि फिलहाल अमेरिका मौजूदा स्थिति बनाए रखेगा। किसी भी बदलाव की स्थिति में अमेरिकी सेना तैयार है।

ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, सैन्य तौर पर ईरान का मामला लगभग खत्म हो चुका है। ईरान की लीडरशिप खत्म कर दी गई है। हालांकि, अमेरिका अब भी यह सुनिश्चित करना चाहता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय के लिए टल जाए।

ट्रम्प ने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाकात के बाद दिया। इस मुलाकात के बाद वे अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और पत्रकारों से बात की।

राष्ट्रपति ने ईरान पर दोबारा हमले की धमकी से पीछे हटने के संकेत भी दिए। उन्होंने रविवार को CNN को फोन पर दिए इंटरव्यू में कहा था कि अगर ईरान के साथ बातचीत में प्रगति होती है और वह एक मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है, तो दोबारा हमले की जरूरत पड़ने की संभावना बहुत कम है।

अमेरिकी सेना ने पिछले हफ्ते दो बार हमले किए

इस बीच अमेरिकी सेना ने पिछले एक हफ्ते में कम से कम दो बार ईरान पर सीमित हमले किए हैं। इनमें ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली को निशाना बनाया गया। इसके अलावा, शनिवार को अमेरिकी सेना ने एक कमर्शियल जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय कर दिया।

अमेरिका का दावा है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगी उसकी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

युद्ध का असर अमेरिकी चुनावों पर भी पड़ा

ट्रम्प ने ईरान के साथ आठ महीने से जारी युद्ध का जिक्र ऐसे समय किया है, जब पिछले हफ्ते हुए अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी ने कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवा दिया।

चुनावों के दौरान अमेरिकी मतदाताओं में युद्ध को लेकर नाराजगी भी एक मुद्दा रही। इस युद्ध के कारण ईंधन की कीमतों में तेजी आई, जिसका असर अमेरिका और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लगभग हर क्षेत्र पर पड़ा।

ईरान बोला- अमेरिका जंग खत्म करे तो 2 दिन में होर्मुज खोल देंगे

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अगर अमेरिका हर मोर्चे पर जंग खत्म करता है, तो ईरान दो दिन के अंदर होर्मुज स्ट्रेट खोल देगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी। ऐसा नहीं हुआ तो ईरान जवाबी हमला करने के लिए तैयार है।

अराघची ने कहा कि ईरान हर तरह की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपने हथियार मजबूत किए हैं, सेना की कमजोरियां दूर की हैं और नए हथियारों का परीक्षण किया है। उनके मुताबिक, ईरानी सेना पूरी तरह अलर्ट है।

होर्मुज स्ट्रेट समुद्र का एक अहम रास्ता है। यहां से दुनिया के कई देशों तक कच्चा तेल और गैस पहुंचता है। अगर इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही रुकती है, तो दुनियाभर में तेल की सप्लाई कम हो सकती है और कीमतें बढ़ सकती हैं।

अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया था

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को परमाणु हथियार बनाने का आरोप लगाते हुए ईरान पर हमले शुरू किए थे। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमले किए और दोनों के बीच जंग शुरू हो गई।

अप्रैल की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सीजफायर हुआ, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चला। जून में फिर से सीजफायर और जंग खत्म करने को लेकर समझौता हुआ, लेकिन अगस्त में यह भी टूट गया और तनाव फिर बढ़ गया।

अब जंग रोकने को लेकर बातचीत चल रही है। इस बातचीत में परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और जंग खत्म करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram