वाशिंगटन। अमेरिका और इस्राइल के बीच ईरान युद्ध को लेकर मतभेद खुलकर सामने आते दिख रहे हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच ईरान के खिलाफ आगे की रणनीति को लेकर तनावपूर्ण फोन पर बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि जहां इस्राइल ईरान पर दोबारा सैन्य हमले चाहता है, वहीं अमेरिका फिलहाल समझौते और कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है।
ट्रंप और नेतन्याहू की तनावपूर्ण बातचीत
अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को ट्रंप और नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत हुई। रिपोर्ट में दावा किया गया कि बातचीत के बाद नेतन्याहू बेहद नाराज और बेचैन नजर आए। इस्राइली नेतृत्व का मानना है कि ईरान की सैन्य ताकत को पूरी तरह कमजोर करने और उसकी महत्वपूर्ण संरचनाओं को नष्ट करने के लिए दोबारा हमले जरूरी हैं।
अमेरिका ने ईरान पर प्रस्तावित हमले को क्यों टाला?
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने रविवार को ईरान पर प्रस्तावित हमलों को टाल दिया था। कहा गया कि कतर, यूएई और अन्य अरब देशों के अनुरोध के बाद अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया। इसके बाद कतर और पाकिस्तान ने अन्य क्षेत्रीय मध्यस्थ देशों के साथ मिलकर एक संशोधित शांति प्रस्ताव तैयार किया, ताकि अमेरिका और ईरान के बीच जारी मतभेदों को कम किया जा सके।




