पटना/भोपाल/अहमदाबाद। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को हुए उपचुनावों की काउंटिंग जारी है। बिहार के बांकीपुर में जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
बांकीपुर में 11वें राउंड की मतगणना के बाद जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त 6 हजार वोटों के पार पहुंचा दी है। उन्हें अब तक 21,941 वोट मिले हैं।
भाजपा के नीरज कुमार को 15,522 वोट मिले हैं और वे 6,419 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं RJD की रेखा कुमारी को 4,223 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
बांकीपुर सीट भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट मानी जाती है। वे इस सीट से लगातार 5 बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है।
मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। शुरुआती तीन राउंड तक भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी आगे चल रहे थे। उसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने बढ़त बना ली है। दतिया में छठे राउंड की मतगणना तक कांग्रेस ने 1,786 वोटों की बढ़त बना ली है। अब तक कांग्रेस को 25,856 वोट, भाजपा को 24, 070 वोट और आजाद समाज पार्टी को 9,791 वोट मिले हैं। मतगणना अभी जारी है।
गुजरात के मंजलपुर में भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल की जीत लगभग तय है। 11वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा के सतीश पटेल ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। उन्हें अब तक 31,283 वोट मिले हैं।कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 14,085 वोट मिले हैं। सतीश पटेल 17,198 वोटों की बढ़त के साथ जीत की ओर बढ़ रहे हैं।



