नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का जंतर-मंतर पर मंगलवार को 24वें दिन प्रदर्शन जारी है। दोपहर 12 बजे तक हजारों की संख्या में आंदोलनकारी मौजूद हैं। सुबह कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने इन्हें नाश्ता बांटा।
उधर, आज सुबह जब सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पहुंची तो CJP समर्थकों ने हाय-हाय के नारे लगाए। इससे पहले संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार की देर शाम को जंतर-मंतर खाली करा लिया था। लेकिन आंदोलनकारी देर फिर एकत्रित हो गए।
इस बीच NDA संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
राहुल ने कहा कि इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अलावा पीएम और गृहमंत्री इस्तीफा दें। इस मामले में जवाबदारी तय होना ही चाहिए।
दीपके ने कहा- संसद मार्च नहीं निकालेंगे, वांगचुक का अनशन जारी रहेगा
अभिजीत दीपके ने मंगलवार को कहा कि कल सोनम वांगचुक अपना अनशन खत्म करने वाले थे। हमने उन्हें बड़ी मुश्किल से इसके लिए राजी किया था। कल उनके अनशन का 23वां दिन था। हमने उनसे कहा था कि सर, कृपया अनशन खत्म कर दीजिए। हम आपकी जान को अब और खतरे में नहीं डाल सकते। इस देश के लिए आपका जीवन बहुत कीमती है। वह किसी तरह मान गए थे।
- उन्होंने बताया कि सोमवार को हुई बर्बरता और पुलिस की कार्रवाई देखने के बाद सोनम सर ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।
- हम फिलहाल संसद मार्च इसलिए नहीं निकाल रहे हैं, क्योंकि इस सरकार और पुलिस ने छात्रों का खून बहाया है। इन्हें छात्रों की कोई परवाह नहीं है, लेकिन हमें है। इसलिए सोनम सर अपना अनशन जारी रखेंगे और आंदोलन भी जारी रहेगा।
खड़गे ने कहा- छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों हुआ
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘छात्रों पर आंसू गैस क्यों छोड़ी गई, क्यों लाठीचार्ज किया गया। आज कई छात्र अस्पताल में हैं।’ उन्होंने सरकार से प्रदर्शनकारियों और जेपी नड्डा के बीच हुई बातचीत की जानकारी सदन में देने की मांग की।
प्रियंका गांधी ने कहा- शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी, इस्तीफा दें
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘यह सरकार पूरी तरह युवा विरोधी है। यह युवाओं, गरीबों और किसानों के खिलाफ है। पिछले 12 साल से हम यही देख रहे हैं।’
- उन्होंने कहा, ‘जब किसान आंदोलन करते हैं तो उन्हें दबाया जाता है। अब छात्रों की आवाज भी दबाई जा रही है। वे बच्चे हैं, उनकी बात शांतिपूर्वक सुननी चाहिए।’
- उन्होंने आगे कहा, ‘यह शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी है। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। एक समय था जब मंत्री अपनी जिम्मेदारी लेते थे। मुझे याद है कि 1980 के दशक में एक ट्रेन हादसे के अगले ही दिन मंत्री ने इस्तीफा दे दिया था। इसलिए जिम्मेदारी लीजिए, इस्तीफा दीजिए और सबसे जरूरी, व्यवस्था को ठीक कीजिए।’
संसद मार्च के दौरान दंगा करने का आरोप, 5 लोगों पर FIR
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ 5 FIR दर्ज की हैं। ये मामले संसद मार्ग, बाराखंभा और कनॉट प्लेस थानों में दर्ज किए गए हैं। इन पर दंगा करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कर्मचारियों पर हमले की धाराओं में दर्ज हुई हैं। पुलिस CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा- पेपर लीक केस में दोषियों को सजा मिलेगी
NDA संसदीय दल की बैठक में मंगलवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ‘बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।’




