नई दिल्ली । पुलिस ने सोमवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इससे कई लोगों को चोटें आई हैं और कई लोगों के सिर भी फूट गए हैं। हालांकि, पुलिस ने इससे इनकार किया है।
बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान राजीव चौक और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन में प्रदर्शनकारी घुस गए। कई लोग बैरिकेडिंग तोड़कर पार्लियामेंट थाने तक पहुंच गए हैं। इसके उन्हें हिरासत में लिया गया।
दिल्ली पुलिस और RAF के जवान मौके पर तैनात हैं। पुलिस का कहना है कि मार्च के लिए इजाजत नहीं दी गई है। उधर, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि हमें कोई नहीं रोक सकता है। संसद मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।
उधर, 23 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने की 3 शर्तें रखी हैं। पहली- सरकार शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक की जिम्मेदारी ले। दूसरी- CJP प्रतिनिधिमंडल को संसद जाने दिया जाए और सांसद मुद्दा उठाने का भरोसा दें। तीसरा- स्वास्थ्य कारणों से ऐसा संभव न हो तो सांसद सफदरजंग अस्पताल आकर यही आश्वासन दें।
सपा सांसद डिंपल यादव जंतर-मंतर की तरफ बढ़ीं
समाजवादी पार्टी (SP) की सांसद डिंपल यादव अपनी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने के लिए जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रही है।
मनीष सिसोदिया, आतिशी और संजय सिंह प्रदर्शन में शामिल हुए
आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आतिशी जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं।





