Home » खेल » कॉमनवेल्थ गेम्स-भारत ने बॉक्सिंग में पहली बार 5 गोल्ड जीते, प्रीति, जैस्मिन, साक्षी, प्रिया और अरुंधति चैंपियन बनीं; अब तक 34 मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स-भारत ने बॉक्सिंग में पहली बार 5 गोल्ड जीते, प्रीति, जैस्मिन, साक्षी, प्रिया और अरुंधति चैंपियन बनीं; अब तक 34 मेडल

ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों ने इतिहास रच दिया। भारत ने पहली बार एक ही गेम्स में 5 बॉक्सिंग गोल्ड जीत लिए। शनिवार को प्रीति पवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास और अरुंधति चौधरी चैंपियन बनीं।

पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा ने भी गोल्ड जीता। मेडल टैली में भारत 11 गोल्ड, 15 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज सहित कुल 34 मेडल हो गए और टीम चौथे स्थान में पहुंच गई है।

अरुंधति चौधरी को भी गोल्ड मेडल

महिलाओं के फाइनल मुकाबले में भारत की अरुंधति चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने पूरे मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा और सर्वसम्मत फैसले (यूनानिमस डिसीजन) से जीत हासिल की।

अंतिम राउंड के शुरुआती 30 सेकेंड में रेफरी ने दोनों मुक्केबाजों को खेल की रफ्तार बढ़ाने के लिए कहा। अरुंधति की प्रतिद्वंद्वी रीड को मुकाबले में वापसी के लिए आक्रामक होना था, लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। अरुंधति पूरे समय अपनी लय में नजर आईं और मुकाबले की गति को अपने नियंत्रण में रखा।

आखिरी घंटी बजने के बाद भी अरुंधति को अपनी जीत का भरोसा था। नतीजा आने से पहले ही वह जश्न मनाने लगीं। कुछ देर बाद जजों ने सर्वसम्मत फैसला उनके पक्ष में सुनाया और उन्हें गोल्ड मेडल विजेता घोषित कर दिया।

स्प्लिट डिसीजन में जीतीं प्रिया घंघास

महिलाओं के 60kg फाइनल मुकाबले में भारत की प्रिया घंघास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। कड़े मुकाबले में उन्होंने स्प्लिट डिसीजन (4-1) से जीत हासिल की। प्रिया ने मुकाबले की तेज शुरुआत की, लेकिन उनकी प्रतिद्वंद्वी अल-अहमदियेह ने भी कुछ सटीक पंच लगाकर जोरदार जवाब दिया। फाइनल राउंड में दोनों मुक्केबाजों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। प्रिया थकी हुई नजर आ रही थीं, लेकिन उन्होंने लगातार आक्रामक रुख बनाए रखा और दमदार पंच लगाती रहीं।

साक्षी ने इंग्लैंड की खिलाड़ी को 5-0 से हराया

महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में भारत की साक्षी चौधरी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और यूनानिमस डिसीजन 5-0 से जीत हासिल की। साक्षी ने मुकाबले के दौरान बेहतरीन रणनीति अपनाई। उन्होंने बाएं हाथ से प्रतिद्वंद्वी के पंचों को रोका और दाएं हाथ से लगातार सटीक जवाबी हमले किए। उनके कई पंच सीधे प्रतिद्वंद्वी के चेहरे पर लगे, जिससे मुकाबले में उनकी पकड़ मजबूत होती गई।

उन्नति शर्मा ने जूडो में जीता ब्रॉन्ज मेडल

महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में भारत की उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोस्टर को हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्नति ने मुकाबला महज 1 मिनट 7 सेकेंड में इप्पोन के जरिए जीत लिया। मुकाबले की शुरुआत से ही उन्नति आक्रामक नजर आईं। उन्होंने सही मौके का फायदा उठाते हुए प्रतिद्वंद्वी का संतुलन बिगाड़ा और उन्हें पीठ के बल गिरा दिया। इस शानदार मूव पर उन्हें इप्पोन मिला, जो जूडो में एक ही दांव पर मिलने वाला सर्वोच्च स्कोर होता है। उन्नति ने पूरे मुकाबले में कोई शिडो या युको नहीं गंवाया और एक ही निर्णायक दांव के दम पर जीत हासिल कर ली। जीत के साथ ही उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित किया।

सोमन ने सीजन बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड जीता, शुभम को सिल्वर

पैरा शॉट पुट इवेंट की F-57 कैटेगरी में भारत के सोमन राणा ने सीजन बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। एक अन्य भारतीयय शुभम जुयाल ने सिल्वर पाया।

सोमन राणा ने 13.40 मीटर गोला फेंका। शुभम जुयाल ने 13.28 मीटर थ्रो किया। F-57 कैटेगरी में वे खिलाड़ी आते हैं, जिनके कम के नीचे के अंग (पैरों) कमजोर होते हैं। लेकिन उनके ऊपरी शरीर (धड़ और हाथ) की ताकत पूरी तरह सामान्य होती है।

ट्रिपल जंप में भारत के दो और मेडल

भारत ने पुरुष ट्रिपल जंप में दो और मेडल जीत लिए हैं। प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर के जंप अटैम्प्ट के साथ सिल्वर अपने नाम किया। वहीं, भारत के ही सेल्वा प्रभु ने 16.52 के बेस्ट अटैम्प्ट के साथ ब्रॉन्ज जीता। इस इवेंट का गोल्ड जाम्बिया के जॉर्डन स्कॉट ने जीता। उनका बेस्ट अटैम्प्ट 16.72 मीटर का रहा।

प्रीति पेरिस ओलिंपिक में हिस्सा ले चुकीं

हरियाणा की बॉक्सर प्रीति ने 2022 एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज और 2023 एशियन गेम्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। प्रीति 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 2026 एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता, जबकि 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी गोल्ड अपने नाम किया। प्रीति की ट्रेनिंग NS NIS पटियाला में होती है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram