कोरबा। कोरबा जिले में मूसलाधार बारिश और नदी-नालों के उफान पर होने के बीच एक बड़ा हादसा टल गया, जहां एक उफनते नाले को पार करते समय एक स्कॉर्पियो गाड़ी पानी के तेज बहाव में बहकर डूबने लगी। इस दौरान गाड़ी में सवार 3 दोस्तों ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया जाता है कि दादर नाला पार करते समय एक स्कॉर्पियो वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया। स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे। मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को नाला पार करने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद वे वाहन लेकर नाले में उतर गए।
नाले में उतरते ही तेज बहाव के कारण स्कॉर्पियो बहने लगी। यह देखकर मौके पर हड़कंप मच गया। नाले के दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। करीब आधे घंटे तक स्कॉर्पियो पानी में तैरती रही और तीनों युवक वाहन के ऊपर बैठे नजर आए। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।




