Home » कोरबा » कोरबा: खड़े ट्रेलर में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

कोरबा: खड़े ट्रेलर में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

कोरबा। कोरबा के भैंसमा नेशनल हाइवे पर सोमवार देर रात एक खड़े ट्रेलर में भीषण आग लग गई। यह घटना देर रात करीब 2 बजे उरगा थाना क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर कोरबा से रायगढ़ की ओर जा रहा था। चालक ने भैंसमा नेशनल हाइवे पर गाड़ी किनारे खड़ी की थी। तभी अचानक ट्रेलर के केबिन में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाइवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तुरंत दमकल वाहन को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। गनीमत रही कि ट्रेलर में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं थी।

आग लगने के कारण नेशनल हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

उरगा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ड्राइवर ने बताया कि उसे केबिन में धुआं उठता दिखा, जिसके बाद वह तुरंत गाड़ी से कूद गया और उसकी जान बच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram