Home » कोरबा » कोरबा: गोवंश के अवशेष मिलने से गांव में तनाव का माहौल, एक संदिग्ध हिरासत में; पुलिस बल तैनात

कोरबा: गोवंश के अवशेष मिलने से गांव में तनाव का माहौल, एक संदिग्ध हिरासत में; पुलिस बल तैनात

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र के नर्मदा गांव में गोवंश के अवशेष मिलने से रविवार सुबह से तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना शनिवार देर रात नर्मदा गांव में हुई। रविवार सुबह ग्रामीणों को गोवंश के अवशेष, जिनमें सिर, खाल और मांस के टुकड़े शामिल थे, घटनास्थल पर पड़े मिले। इस खबर से गांव में सनसनी फैल गई। बजरंग दल के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया

बालको थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद नर्मदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram