कोरबा। शहर के सीतामढ़ी गोकुलगंज बस्ती में 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है। उसका शव घर की छत पर लोहे के एंगल से लटका मिला। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि परिजन जब घर की छत पर पहुंचे, तो उन्होंने निखिल को लटका हुआ देखा। यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
शराब का आदी था युवक
परिजनों के मुताबिक, निखिल शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में रहता था। घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम कब और किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है।
घटना से पहले रहने लगा था शांत
परिजनों ने बताया कि निखिल पिछले कुछ दिनों से शांत रहने लगा था। हालांकि, किसी तरह के विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



