कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान एक युवक ने अपने साथी को बोलेरो कैंपर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल दीवान के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि रिजॉर्ट से चेक-आउट करने के बाद सभी साथी बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर वाहन में बैठा और गुस्से में वाहन को उज्जवल दीवान के ऊपर चढ़ा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्जवल दीवान को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।




