Home » कोरबा » कोरबा: ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, शिनाख्त जारी

कोरबा: ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, शिनाख्त जारी

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डंपर फाटक के पास यात्री ट्रेन की चपेट में आने से करीब 65 से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग के शरीर के कई टुकड़े हो गए। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक ने माला पहन रखी थी। उनके हाथ में घड़ी भी थी। पुलिस ने पहचान के लिए इन हुलियों और अन्य उपलब्ध जानकारी को सुरक्षित रखा है।

सोशल मीडिया और मुनादी से पहचान की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और रेलवे RPF मौके पर पहुंची। शव के टुकड़ों को एकत्र कर आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया पर फोटो और हुलिया प्रसारित कर रही है। इसके अलावा आसपास की बस्तियों में मुनादी कराकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के लिए सामने नहीं आया है।

पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि बुजुर्ग को पहले किसी ने देखा था या वह इलाके में भटक रहे थे। फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हादसा मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

अंडरब्रिज की मांग फिर उठी

स्थानीय लोगों के अनुसार, डंपर फाटक क्षेत्र में पहले भी रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि फाटक के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अंडरब्रिज बनाने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके कारण लोग आज भी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं।

पुलिस ने अपील की है कि किसी का बुजुर्ग परिजन लापता है और उसका हुलिया मृतक से मिलता-जुलता है, तो मानिकपुर चौकी से संपर्क कर पहचान में मदद करें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram