Home » कोरबा » कोरबा: डीएवी शिक्षक दंपती के इकलौते बेटे ने लगाई फाँसी, माता-पिता घर लौटे तो पंखे से लटका मिला शव

कोरबा: डीएवी शिक्षक दंपती के इकलौते बेटे ने लगाई फाँसी, माता-पिता घर लौटे तो पंखे से लटका मिला शव

कोरबा । कोरबा के डीएवी स्कूल के शिक्षक दंपती के 19 वर्षीय इकलौते बेटे वासु सरकार ने मंगलवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह कॉलेज का छात्र था। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल और कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। यह मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, वासु के पिता राजा सरकार कुसमुंडा डीएवी में शिक्षक हैं, जबकि माता कोरबा स्थित डीएवी एसईसीएल में पढ़ाती हैं। मंगलवार सुबह दोनों अपने-अपने स्कूल चले गए थे, जिससे वासु घर पर अकेला था। दोपहर में जब माता-पिता घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।

खिड़की से झांकने पर उन्होंने देखा कि वासु कमरे में पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर वासु को फंदे से उतारा गया और तुरंत विकास नगर स्थित एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से माता-पिता बदहवास हो गए। सूचना मिलते ही दोनों स्कूलों के प्रिंसिपल, शिक्षक और शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का मर्ग पंचनामा किया। श्री श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति की एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।

मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव को विकास नगर अस्पताल परिसर स्थित मर्चुरी में रखा गया है, जिसका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि वासु ने इससे पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उसकी जान बच गई थी। इस बार उसने यह घातक कदम उठा लिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों और कारणों से वासु ने यह फैसला लिया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram