कोरबा। कोरबा के बांकीमोंगरा में सोमवार (17 अगस्त) रात तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चांदनी चौक के पास रात करीब 8 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव सड़क पर रखकर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। वे ट्रेलर चालक पर कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
बाइक को सामने से मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, रोंगा की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG-04-JB-5380 ने सामने से आ रही बाइक क्रमांक CG-12-BL-9042 को टक्कर मार दी। बाइक पर अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल सवार थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक ने मौके पर तोड़ा दम, दूसरे की अस्पताल में मौत
टक्कर के बाद सूरजभान ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज पटेल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।
अधिकारियों की समझाइश के बाद खत्म हुआ जाम
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद परिजन मान गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और यातायात बहाल हुआ।
ट्रेलर जब्त, चालक की तलाश
दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया गया है। हादसे के बाद चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।




