Home » कोरबा » कोरबा: तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, दो नाबालिग युवकों की मौत

कोरबा: तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर पेड़ से टकराई, दो नाबालिग युवकों की मौत

कोरबा। जिले के दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार मोटर साइकिल पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिग युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बिना हेलमेट के बाइक पर सवार थे और तेज रफ्तार होने के कारण मोड़ पर बाइक के अनियंत्रित होने से ये हादसा हो गया।

पुलिस के अनुसार करण चौहान (16) पिता बृजलाल मोटर साइकिल चला रहा था, जबकि राजा नेटी (14) पिता कैलाश पीछे बैठा था। दोनों तेजी से बाइक चलाते हुए लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर तेज रफ्तार मोटर साइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दीपका पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी दोनों के परिजनों को दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों नाबालिग बिना हेलमेट के बाइक पर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने के बाद मोटर साइकिल सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

देर रात होने के कारण दोनों शवों को अस्पताल के मोर्चरी कक्ष में रखवाया गया। शनिवार को पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों नाबालिगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नाबालिगों को वाहन न दें और वाहन चलाते समय हेलमेट समेत सभी यातायात नियमों का पालन करें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram