कोरबा। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को सीएसईबी चौकी के ठीक सामने एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से एक्टिवा सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त एक्टिवा और शव को तत्काल मौके से हटाया। मृतक की पहचान खरमोर निवासी व्यास राम के रूप में की जा रही है।
घटना सीएसईबी चौकी के सामने उस जगह हुई जहां यातायात सिग्नल और यातायात पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार भारी वाहन ने अचानक एक्टिवा सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सवार व्यास राम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड में खरमोर निवासी व्यास राम लिखा हुआ है, जिसके आधार परिजनों को सूचना दी जा रही है।
इस हादसे पर स्थानीय जनप्रतिनिधि लक्ष्मण श्रीवास ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सीएसईबी चौक कोरबा का व्यस्ततम चौराहा है जहां सिग्नल और पुलिस कर्मी हमेशा मौजूद रहते हैं। ऐसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर भारी वाहन का शहर के अंदर आना और हादसा करना यातायात व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है। सवाल उठता है कि भारी वाहन आखिर शहर के अंदर कैसे आया?




