Home » कोरबा » कोरबा: नववर्ष शोभायात्रा के दिन स्टंट करने वाले चार वाहन चालकों पर कार्यवाही

कोरबा: नववर्ष शोभायात्रा के दिन स्टंट करने वाले चार वाहन चालकों पर कार्यवाही

कोरबा । हिंदू नव वर्ष शोभायात्रा के दिन घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में खतरनाक तरीके से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक थार वाहन जब्त किया है।

अन्य वाहनों की तलाश जारी है। मामले में संलिप्त हिमांशु बैरागी निवासी बुधवारी, मुकेश कुमार बैगा निवासी नागपुर बस्ती आइटीआइ रामपुर और रामकिशन साहू निवासी रामपुर बस्ती के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से आम लोगों की जान को खतरा होता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार व स्टंट जैसी गतिविधियों से बचें।

19 मार्च को दोपहर करीब तीन बजकर तीस मिनट से चार बजे के बीच कुछ युवक मैदान में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे। इससे वहां मौजूद लोगों के लिए हादसे की स्थिति बन रही थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिकायत के आधार पर सिविल लाइन रामपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीजी 11 एए 6166 स्कार्पियो, सीजी 12 बीजे 2975 बोलेरो, सीजी 12 बीएफ 3890 स्विफ्ट और सीजी 04 एनजी 8300 थार के चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। थार वाहन का चालक रामकृष्ण साहू निवासी ढेंगूरनाल और वाहन स्वामी नंदूलाल साव निवासी दर्री पाया गया, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram