Home » कोरबा » कोरबा: ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में लगी आग, कपड़े, फर्नीचर जलकर राख; शॉर्ट सर्किट की आशंका

कोरबा: ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में लगी आग, कपड़े, फर्नीचर जलकर राख; शॉर्ट सर्किट की आशंका

कोरबा। शहर के पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ में मंगलवार रात आग लग गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कोरबा में साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अधिकांश बाजार बंद थे। देर रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक को सूचित किया।

शटर खोलने पर पता चला कि दुकान के भीतर आग तेजी से फैल चुकी थी और सामान जल रहा था। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से यह बगल की दुकानों तक नहीं फैल पाई, जिससे पावर हाउस रोड पर एक बड़े हादसे को टाला जा सका।

कपड़े, फर्नीचर जलकर राख

शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने हाल ही में पास में ही एक नया प्रतिष्ठान शुरू किया था और पुराने स्टोर का अधिकांश सामान वहां स्थानांतरित कर दिया था। इस कारण नुकसान अपेक्षाकृत कम होने का अनुमान है।

हालांकि, दुकान में बचे हुए कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन काफी क्षति की आशंका जताई जा रही है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोग और दुकानदार शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाएगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram