Home » कोरबा » कोरबा : ब्रिलिएंट स्कूल को नोटिस, DEO ने CBSE मान्यता दस्तावेज 2 दिन में पेश करने को कहा

कोरबा : ब्रिलिएंट स्कूल को नोटिस, DEO ने CBSE मान्यता दस्तावेज 2 दिन में पेश करने को कहा

कोरबा । बिलासपुर में पांचवीं और छठी के छात्रों को दोबारा परीक्षा देने के लिए मजबूर करने के मामले में शुरू हुई जांच का दायरा अब कोरबा तक पहुंच गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कोरबा ने ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल की कोरबा शाखा को नोटिस जारी कर मान्यता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बिलासपुर में पढ़ने वाले पांचवीं और छठी के स्टूडेंट्स के पेरेंट्स ने कलेक्टर से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि स्कूल ने सीबीएसई संबद्धता का हवाला देकर बच्चों को प्रवेश दिया था और उनकी परीक्षा भी ले ली थी। अब उन्हें छत्तीसगढ़ पाठ्यक्रम के अनुसार दोबारा परीक्षा देने का निर्देश दिया जा रहा है।

पाठ्यक्रम बदलने पर पेरेंट्स का विरोध

पेरेंट्स का आरोप है कि बच्चों ने सीबीएसई पाठ्यक्रम से पढ़ाई की है और अब उन्हें दूसरे पाठ्यक्रम के अनुसार परीक्षा के लिए मजबूर करना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। पेरेंट्स की इस शिकायत के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय समिति से जांच कराने का निर्देश दिया है।

ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल पहले से विवादों में

बता दें कि ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल अपने शुरुआती दौर से ही विवादों में रहा है। स्कूल संचालक पर कई आरोप लगते रहे हैं। जिस भूमि पर स्कूल भवन का निर्माण हुआ है, उसके दस्तावेजों में हेरफेर का आरोप उनके ही परिजनों ने लगाया था, और यह मामला कोर्ट तक भी पहुंचा था।

DEO का नोटिस, दस्तावेज पेश करने के निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 18 मार्च 2026 को ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य को नोटिस जारी किया गया है। इसमें सीबीएसई बोर्ड से प्राप्त मान्यता संबंधी सभी दस्तावेज दो कार्य दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

 - Dainik Bhaskar
Facebook
X
WhatsApp
Telegram