Home » कोरबा » कोरबा में कबाड़ की गाड़ी से बरामद हुए 5 जिंदा कारतूस और पिस्टल; आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

कोरबा में कबाड़ की गाड़ी से बरामद हुए 5 जिंदा कारतूस और पिस्टल; आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के बीच हथियार मिलने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी प्रहलाद साहू के पास से 5 जिंदा कारतूस और एक पुरानी पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ी प्रहलाद साहू के यहां से निकली कबाड़ की गाड़ी में जिंदा कारतूस और पिस्टल रखी हुई है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कबाड़ के सामान के बीच 5 जिंदा राउंड और एक पुरानी जंग लगी पिस्टल मिली। पुलिस ने दोनों को जब्त कर लिया।

हथियार कहां से आए, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने प्रहलाद साहू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं कबाड़ के सामान को लेकर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल और कारतूस कबाड़ में कैसे पहुंचे और इन्हें किसने वहां रखा था।

कबाड़ियों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद जिले के दूसरे कबाड़ी संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। हालांकि, स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कार्रवाई के बावजूद जिले में चोरी के सामान, लोहे और फैक्ट्री स्क्रैप के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है।

पुलिस पहले भी अवैध कबाड़ भंडारण और चोरी का सामान खरीदने के मामलों में कई कबाड़ियों पर कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद यह कारोबार जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

औद्योगिक इलाकों के स्क्रैप पर नजर की जरूरत

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को जिले की सीमावर्ती जगहों के साथ औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले स्क्रैप पर भी नजर रखनी चाहिए। खासकर एनटीपीसी, बालको और एसईसीएल से निकलने वाले कबाड़ की जांच जरूरी है, क्योंकि स्क्रैप में कई बार संदिग्ध या खतरनाक सामग्री मिलने की आशंका रहती है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram