Home » कोरबा » कोरबा: टोनही प्रताड़ना में देवरानी, उसकी बेटी और बेटा गिरफ्तार; बुजुर्ग महिला को वर्षों करते रहे प्रताड़ित

कोरबा: टोनही प्रताड़ना में देवरानी, उसकी बेटी और बेटा गिरफ्तार; बुजुर्ग महिला को वर्षों करते रहे प्रताड़ित

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के भांटापारा कुदुरमाल में टोनही प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पुलिस ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में देवरानी, उसकी पुत्री और पुत्र को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

उरगा थाने में सत्यभामा वैष्णव (65), निवासी कुदुरमाल वार्ड क्रमांक-04 ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी देवरानी लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी, उसकी पुत्री चंचल वैष्णव और पुत्र किशन वैष्णव उर्फ गोलू कई वर्षों से उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार, आरोपी रोज घर के सामने आकर गाली-गलौज करते थे। वे बुजुर्ग महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर उन्हें “टोना-टोटका करने वाली” बताकर पूरे मोहल्ले में बदनाम करते थे। इतना ही नहीं, उनके दिवंगत पति को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां करते थे।

जान से मारने की धमकी भी दी

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें कई बार घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। घर में कोई सामान खराब होने या कूलर जलने जैसी घटनाओं का दोष भी उन पर ही मढ़ा जाता था। लगातार प्रताड़ना के कारण वह और उनका बेटा राजेंद्र वैष्णव भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर थे।

टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 3(5) तथा टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीन वैष्णव उर्फ लक्ष्मी (45), चंचल वैष्णव (21) और किशन वैष्णव उर्फ गोलू (26) शामिल हैं। तीनों भांटापारा कुदुरमाल के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां जमानत नहीं मिलने पर जेल भेज दिया गया।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram