कोरबा। कोरबा में बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। इनमें से एक घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई, जहां शराब के नशे में धुत एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं, दूसरी घटना कुसमुण्डा थाना क्षेत्र के कुचेना मुख्य मार्ग पर हुई, जिसमें थार और कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए।
पहली घटना
सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एसपी ऑफिस के बगल वाली सड़क पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे और वे शराब के नशे में थे। तेज रफ्तार कार रामपुर की तरफ से आ रही थी।
अनियंत्रित कार ने पहले सड़क पर खड़ी एक कार को टक्कर मारी, फिर एक ठेले को चपेट में लेते हुए बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसे चोटें आई थीं। कार में सवार दूसरे युवक को भी चोटें आईं, जिसने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पलटी हुई कार को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और इस मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है।
दूसरी घटना
कुसमुण्डा थाना क्षेत्र के कुचेना मुख्य मार्ग पर हुई। यहां एक तेज रफ्तार थार और एक कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोगों को चोटें आईं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मामूली चोटें बताई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा भी तेज रफ्तार के कारण हुआ।



