कोरबा। कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर कॉलोनी में 25 वर्षीय युवक लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना क्वार्टर एम-216 के पास बने एक कमरे में हुई। सूचना मिलने पर रजगामार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक के पिता रामायण प्रसाद के मुताबिक घटना रविवार की है। वह रविवार को बाजार गए थे। घर लौटने के बाद लक्ष्मी प्रसाद ने कुछ देर के लिए बाहर जाने की बात कही और निकल गया। कुछ समय बाद वह क्वार्टर के पास बने कोठा नुमा कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला।
परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
घटना के समय लक्ष्मी प्रसाद की मां और बहन तीर्थ यात्रा पर गई हुई थीं। बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसकी मां वापस लौटने लगीं। परिजनों ने मां के पहुंचने तक शव को करीब दो दिन मर्चुरी में रखा। मंगलवार को मां के लौटने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई।
पिता ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी प्रसाद पहले भी कई बार खुदकुशी करने की धमकी देता था। कभी पानी की टंकी पर चढ़कर कूदने की कोशिश करता था तो कभी घर से भाग जाता था। वह परिजनों को बार-बार अपनी जान लेने की बात कहता था। परिजनों के अनुसार इस बार उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
बताया गया है कि लक्ष्मी प्रसाद की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी को बांगो से लाया गया था। पति की मौत के बाद नवविवाहिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।




