Home » कोरबा » कोरबा: रास्ता मांगने पर ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, आई गंभीर चोटें; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

कोरबा: रास्ता मांगने पर ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, आई गंभीर चोटें; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

कोरबा। कोरबा शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार के पास देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऑटो चालक ने युवकों से रास्ता खाली करने और साइड होने को कहा। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते हाथापाई से चाकूबाजी तक पहुंच गया।

आरोप है कि युवकों ने ऑटो चालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत घायल ऑटो चालक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि रात में असामाजिक तत्व खुलेआम सड़कों पर शराब पीते हैं और आए दिन मारपीट व चाकूबाजी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं।

पुलिस की कार्रवाई: कुछ संदिग्ध हिरासत में

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया

घायल वेद किशोर बरेठ का बयान दर्ज करने के बाद हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram