कोरबा। कोरबा में सोशल मीडिया पर डॉनगिरी और दहशत दिखाने वाली रील बनाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो युवकों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में गौतम तंवर और हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गौतम लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगता था और खुद को कोरबा का गुंडा-डॉन बताकर वीडियो सोशल मीडिया पर डालता था। वहीं हर्ष पर धारदार चापड़ लहराकर लोगों को डराने का आरोप है।
खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था गौतम
पहला मामला पुरानी बस्ती का है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय गौतम तंवर खुद को कोरबा का गुंडा और डॉन बताता था। आरोप है कि वह लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगता था और अपनी कथित डॉनगिरी के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। वह खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था।
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने गौतम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे सबक सिखाने के लिए बस स्टैंड क्षेत्र में पैदल परेड भी कराई। पुलिस के मुताबिक, गौतम पुराना बदमाश है और उसके खिलाफ थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
चापड़ लहराकर लोगों को डराने का आरोप
दूसरा मामला फोकटपारा का है। यहां रहने वाले हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के हाथ में धारदार चापड़ होने और उससे लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को चापड़ के साथ मौके पर पकड़ लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के चापड़ लहराकर लोगों को डराने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से धारदार चापड़ बरामद किया गया।पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
त्योहारों को देखते हुए बदमाशों पर कार्रवाई तेज
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि शहर में हुड़दंग मचाने और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों और आपराधिक छवि दिखाने वाले तत्वों पर भी नजर रख रही है।




