Home » कोरबा » कोरबा: वरिष्ठ पत्रकार स्व. जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन; शहर के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहे

कोरबा: वरिष्ठ पत्रकार स्व. जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन; शहर के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहे

कोरबा। वरिष्ठ पत्रकार एवं शहर के सजग चिंतक स्वर्गीय श्री जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर जैन भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जैन समाज के सदस्यों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने स्वर्गीय जसराज जैन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक घंटे तक नवकार मंत्र के सामूहिक जाप से हुआ। इसके पश्चात आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय जसराज जैन के साथ बिताए अपने संस्मरण साझा किए तथा उनकी निर्भीक पत्रकारिता, स्पष्टवादिता और शहर के प्रति समर्पण को याद किया।
जैन समाज के कार्यकारी अध्यक्ष एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन ने कहा कि स्वर्गीय जसराज जैन ने अपने जीवन में जो आदर्श और रास्ता दिखाया, उस पर चलने का वे प्रण लेते हैं।
इंदिरा विहार विकास समिति के अध्यक्ष प्रकाश जैन ने कहा कि जब भी वे जैन भवन आते थे, सबसे पहले उनका सामना जसराज अंकल से ही होता था। उनके सहज, आत्मीय और मिलनसार व्यक्तित्व की स्मृतियां आज भी उनके मन में जीवंत हैं।
कामरेड श्याम बिहारी बनाफर ने स्वर्गीय जसराज जैन की निर्भीक पत्रकारिता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और अपनी लेखनी के माध्यम से शहर की समस्याओं को सामने लाने का कार्य किया।
पूर्व जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष मोहन जैन, वरिष्ठ पत्रकार सनत दास दीवान, वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ केडिया तथा प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष गेंदलाल शुक्ला ने भी अपने संस्मरण साझा करते हुए स्वर्गीय जसराज जैन के साथ बिताए समय को याद किया।
वरिष्ठ पत्रकार सनत दास दीवान ने कहा कि कामरेड नवरंग लाल और जसराज जैन ऐसी दो शख्सियतें थीं, जो हमेशा शहर की हिमायत में खड़ी रहती थीं। शहर की समस्याओं के समाधान के लिए वे अधिकारियों से संवाद करते और सामंजस्य बनाकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करते थे।
प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं स्वर्गीय जसराज जैन के अभिन्न मित्र किशोर शर्मा ने भावुक होकर कहा कि वे जसराज भाई के परिवार के सदस्य की तरह थे और परिवार के प्रत्येक सदस्य से उनका आत्मीय संबंध रहा। उन्होंने उनके साथ की गई यात्राओं और अनेक यादगार प्रसंगों को साझा करते हुए कहा कि मस्तमौला जसराज जी जाते कहीं थे और पहुंचते कहीं थे, लेकिन उनके साथ बिताया हर पल यादगार रहा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पारस जैन, पूर्व महापौर जागेश लांबा, वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं कोरबा के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. बोर्डे, नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य प्रशांत भोपापुरकर सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम में श्याम मित्र मंडल की ओर से रोहिणी सुल्तानिया, प्रेम गुप्ता, अभिषेक बाजपेयी, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव भोला सोनी, अंबर रेलवाणी, राज सिंह, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विनय जायसवाल, प्रवीण अग्रवाल, अजय अग्रवाल, राजेश, शक्तिनगर के समाजसेवी शिवशंकर नवरंग, अशोक नवरंग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जैन समाज के महिला एवं पुरुष सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वर्गीय जसराज जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय जसराज जैन के पुत्र सुनील जैन ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “आप सभी के आशीर्वाद और आपकी इच्छाओं के अनुरूप हम तीनों भाई आगे बढ़ने और पिताजी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का प्रयास करेंगे। आज शहर में भारी ट्रैफिक जाम था, बारिश भी हो रही थी, इसके बावजूद आप सभी ने अपना अमूल्य समय निकालकर बड़ी संख्या में श्रद्धांजलि सभा में पहुंचकर हमारे परिवार को जो स्नेह और संबल दिया है, उसके लिए पूरा परिवार हृदय से आपका आभारी है।”
उन्होंने कहा कि पिता स्वर्गीय जसराज जैन की स्मृतियां और उनके द्वारा दिए गए संस्कार परिवार के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेंगे।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram