कोरबा। कोरबा शहर के बीच स्थित जेबी होटल में जुआ खेलते 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे में शराब और चखने के साथ जुआ चल रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 18 हजार 800 रुपए जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि, होटल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारा और पांच लोगों को पकड़ लिया। उनके पास से जुए की रकम 18 हजार 800 रुपए बरामद हुई।
चार आरोपी कोरबा के, एक रायपुर का
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार (40), निवासी तुलसी नगर रोड; तरुण मिश्रा (42), निवासी सीएसईबी; दीपेश जैन (38), निवासी अवध नगर निहारिका और सुनील कुमार (39), निवासी तुलसी नगर शामिल हैं।
पांचवें आरोपी की पहचान धनराज कुमार के रूप में हुई है। वह सदर बाजार अमलीडीह, रायपुर का रहने वाला है। उसकी उम्र की जानकारी नहीं दी गई है।
होटल संचालक पर जुआ खिलाने का आरोप
पुलिस का कहना है कि होटल संचालक कमरे किराए पर देकर वहां जुआ खिलाता था। कमरे में शराब और चखने की व्यवस्था भी की गई थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
एक दिन पहले भी पकड़े गए थे 6 जुआरी
एक दिन पहले उरगा पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेलते 6 लोगों को पकड़ा था। इनमें बाराद्वार के एल्डरमैन और एक प्रिंसिपल भी शामिल थे।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद शहर के होटलों में भी इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग उठ रही है।




