Home » कोरबा » कोरबा: सप्तदेव मंदिर परिसर में घुसा 5 फीट लंबा सांप, पढ़ाई के बीच स्कूल में निकला डारडोमी; रेस्क्यू टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा: सप्तदेव मंदिर परिसर में घुसा 5 फीट लंबा सांप, पढ़ाई के बीच स्कूल में निकला डारडोमी; रेस्क्यू टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा।  जिले में सांपों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। सप्तदेव मंदिर परिसर में करीब 5 फीट लंबा सांप घुस गया, जबकि सतरेगा रोड के ग्राम माखुरपानी स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों के बीच डारडोमी सांप दिखाई दिया।

दोनों मामलों में वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी और उनकी टीम ने सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

 - Dainik Bhaskar

मंदिर परिसर में 5 फीट लंबा सांप घुसा

पहली घटना रविवार को कोरबा के सप्तदेव मंदिर परिसर की है। मंदिर प्रांगण में करीब 5 फीट लंबा सांप घुस आया। उस समय मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी। सांप को देखकर पुजारियों और भक्तों में डर फैल गया और किसी अप्रिय घटना की आशंका से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मंदिर प्रबंधन ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और सावधानी से सांप को बिना किसी नुकसान के पकड़ लिया। सांप के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम का धन्यवाद किया।

 - Dainik Bhaskar

पढ़ाई के बीच स्कूल में दिखा डारडोमी

दूसरी घटना शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर सतरेगा रोड के ग्राम माखुरपानी के सरकारी स्कूल की है। शनिवार को बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे, तभी स्कूल परिसर में ब्रॉन्ज बैक ट्री स्नेक (Bronze Back Tree Snake) दिखाई दिया। इसे सामान्य भाषा में डारडोमी कहा जाता है और इसे रंग बदलने वाला सांप माना जाता है।

सांप को देखते ही स्कूल में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। बच्चों में डर फैलने पर शिक्षकों ने समझदारी दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित किया और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दी।

सूचना मिलने पर जितेंद्र सारथी ने टीम के सदस्य कमलेश और देवेंद्र को मौके पर भेजा। टीम ने सावधानी से सांप को पकड़ लिया। बाद में उसे उसके प्राकृतिक घर यानी जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसके बाद स्कूल में पढ़ाई दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो सकी।

 - Dainik Bhaskar

माखुरपानी में बदली लोगों की सोच

ग्राम माखुरपानी घने जंगल से लगा हुआ गांव है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ साल पहले तक गांव में सांप दिखाई देने पर उसे मार दिया जाता था। अब लोगों की सोच में बदलाव आया है। सांप मिलने पर उसे मारने के बजाय रेस्क्यू टीम को सूचना देकर सुरक्षित निकलवाया जाता है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram