Home » कोरबा » कोरबा: सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षाफल घोषणा एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम संपन्न

कोरबा: सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षाफल घोषणा एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम संपन्न

कोरबा। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा में मुख्य अतिथि शंकरलाल टमकोरिया, कोषाध्यक्ष, सरस्वती शिक्षा समिति, कोरबा के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय परीक्षा के परीक्षाफल घोषणा एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम उल्लासमय वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय आगमन पर मुख्य अतिथि का रोली तिलक से स्वागत किया गया। उन्होंने विद्यालय में माँ सरस्वती का पूजन-अर्जन किया।


सांस्कृतिक कक्ष में मुख्य अतिथि द्वारा माँ सरस्वती, भारत माता एवं ॐ के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन किया गया। प्राचार्य विद्यानंद पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया कि शंकरलाल टमकोरिया नगर के समाज सेवक के रूप में प्रतिष्ठित हैं तथा सरस्वती शिक्षा समिति कोरबा के संस्थापक सदस्य के रूप में विद्यालय परिवार में चिर-परिचित हैं तथा वर्तमान में कोषाध्यक्ष के रूप में हम सबका मार्गदर्शन कर रहे हैं। मुख्य अतिथि का रोली तिलक व श्रीफल से अभिनंदन किया गया।


मुख्य अतिथि ने अपने आशीर्वाद वचन में कहा कि आज का यह पावन अवसर हमारे वर्ष भर की मेहनत का फल देने वाला दिन है जिसका आप सबको बेसब्री से इंतज़ार रहता है। जिन भैया/बहिनों ने पूरे वर्ष क कड़ी मेहनत की है उन्हें आज के दिन मीठा फल मिलता है किंतु जो मेहनत करने से बचते हैं उन्हें निराश होना पड़ता है। यह हमें नहीं भूलना चाहिए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त कर हमें आगे की कक्षा की पढ़ाई की तैयारी करनी चाहिए। जिन्होंने अच्छे अंक प्राप्त करके अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है उन्हें बहुत-बहुत बधाई तथा आगे आप सदैव उन्नति प्राप्त करें यह मेरी शुभकामना है। कुछ ऐसे भी भैया/बहिन हैं जिन्होंने अपेक्षा के अनुरूप परिणाम हासिल नहीं किया वे अपने कौशल पर भरोसा रखें तथा पुनः नई ऊर्जा के साथ प्रयास करें। आपको सफलता अवश्य मिलेगी। आप सभी देश के भविष्य हैं। आज आप कक्षा में बैठकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और कल आप डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, सैनिक, वैज्ञानिक बनकर एक अच्छे नागरिक के रूप में देश की सेवा करेंगे। आपका अनुशासन, परिश्रम और संस्कार ही भारत को आगे बढ़ाएंगे। सरस्वती शिशु मंदिर जैसे विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं देते बल्कि संस्कार, राष्ट्रभक्ति और चरित्र निर्माण का कार्य भी करते हैं। यहाँ हमें मातृभूमि के प्रति प्रेम, समाज के प्रति उत्तरदायित्व और जीवन में नैतिक मूल्यों की सीख मिलती है।


प्राचार्य श्री पांडेय ने संक्षिप्त रूप से परीक्षाफल की घोषणा की और श्रेष्ठ परीक्षाफल के लिए भैया/बहिनों को व आचार्यों को बधाई दी तथा पूरक के पात्र व कम अंक प्राप्त भैया/बहिनों को भविष्य में अधिक परिश्रम कर अच्छी पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। व्याख्याता राजेंद्र देवांगन ने कक्षावार वर्गशः परीक्षाफल की विस्तृत जानकारी दी और प्रत्येक कक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त भैया/बहिनों के नामों की घोषणा की। प्रथम तीन स्थान प्राप्त भैया/बहिनों को उनके अभिभावकों के साथ मंच पर आमंत्रित कर मुख्य अतिथि और अध्यक्ष के कर-कमलों से स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

कक्षा 6वीं का 92.85%, 7वीं का 93.5%, 9वीं का 60.78%, 11वीं जीव विज्ञान का 94.8%, 11वीं गणित का 88.23% व 11वीं वाणिज्य का 79.4%, कुल मिलाकर 11वीं का परीक्षाफल 87% रहा। विद्यालय का कुल परीक्षाफल 74.13% रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता वासुदेव श्रीवास ने किया। परीक्षा प्रभारी राजेंद्र देवांगन ने आभार ज्ञापित किया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram