Home » कोरबा » कोरबा: सुनसान कमरे में मिला युवक का शव, 3 दिनों से था लापता; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

कोरबा: सुनसान कमरे में मिला युवक का शव, 3 दिनों से था लापता; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र के आंची दादर में गुरुवार को एक सुनसान कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभिनय रजक पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीणों ने कमरे में शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना तुरंत कटघोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं

कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। सुनसान कमरे में शव मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

नशे का आदी होने की भी जानकारी

स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिनय शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह कमरे में गया होगा, जहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है।

फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था, वह कमरे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram