कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। धवलपुर जंगल में हाथी के हमले में 40 वर्षीय ग्रामीण संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। हाथी ने उसे बेरहमी से कुचल दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष बीती रात अपनी गायों को चराने के लिए धवलपुर जंगल गया था। अंधेरे में उसे पता नहीं चला कि जंगल में 18 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। अचानक एक हाथी ने संतोष पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर पटक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने लगातार हमला किया, जिससे संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों को घटना की जानकारी सुबह मिली तो पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जटगा वन परिक्षेत्र में पिछले कई दिनों से 18 हाथियों का झुंड लगातार घूम रहा है। यह झुंड फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। संतोष की मौत के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल की ओर भगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




