कोरबा। कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत 90 से अधिक निगरानी और गुंडा बदमाशों की एसपी कार्यालय में विशेष परेड कराई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की समझाइश दी।
एएसपी की चेतावनी आपराधिक गतिविधि पर कठोर कार्रवाई
परेड के दौरान एएसपी लखन पटले ने सभी बदमाशों को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि वे अपराध से दूर रहें, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें और सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें। पटले ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस लगातार बदमाशों पर नजर रख रही
कोरबा पुलिस द्वारा प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाश की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। थाना और चौकी स्तर पर पुलिसकर्मियों को उनकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जानकारी लेकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बदमाशों को मुख्यधारा से जोड़ना है पुलिस का उद्देश्य
पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर अंकुश लगाना नहीं, बल्कि उन्हें अपराध की दुनिया छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापस जोड़ना भी है। कोरबा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आम लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है।



