अजीत अगरकर की अगुआई वाली पुरुष चयन समिति की बैठक शनिवार को मुंबई में होगी। इस दौरान सबसे ज्यादा नजर इस बात पर रहेगी कि क्या सूर्यकुमार यादव भारतीय टी20 टीम के कप्तान बने रहेंगे? या टीम प्रबंधन अब नए कप्तान के साथ जाने का मन बना चुका है। आइए जानते हैं टीम चयन को लेकर समिति के सामने क्या चुनौतियां हैं…
नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट की शुरुआत छह जून यानी शनिवार से होने जा रही है, लेकिन सभी की नजरें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम के एलान पर टिकी हुई हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति की बैठक शनिवार को मुंबई में होगी जिसमें आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के अलावा सितंबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम का चयन किया जा सकता है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज को लेकर भी चर्चा चल रही है, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता एशियाई खेलों के लिए नियमित टी20 टीम चुनते हैं या नहीं। इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चुनते वक्त आईपीएल 2026 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर भी नजरें होंगी। आने वाला समय भारतीय टी20 टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि ऐसी अटकलें हैं कि टीम अब सूर्यकुमार यादव के दौर से बाहर निकल सकती है।

पीठ की चोट ने हार्दिक पांड्या के लिए एक और भूला देने योग्य आईपीएल सीजन को और मुश्किल बना दिया। वह बतौर कप्तान और बतौर ऑलराउंडर, दोनों ही तरह से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। मुंबई इंडियंस ने 2024 के सीजन से पहले वापस उन्हें अपने साथ जोड़ा था और कप्तान नियुक्त किया था। हालांकि वह वैश्विक टूर्नामेंट में भारत के लिए महत्वपूर्ण प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से एक बने हुए हैं लेकिन अतीत में उन्हें चोट ने भी काफी परेशान किया है।
हार्दिक अफगानिस्तान के खिलाफ चयनित वनडे दल का हिस्सा हैं और इस दौरान चयनकर्ता उनकी ऑलराउंड क्षमताओं परखेंगे। इसके साथ ही वे यह भी देखना चाहेंगे कि हार्दिक जरूरत पड़ने पर अपने कोटा के पूरे 10 ओवर डाल पाते हैं या नहीं। 2027 के वनडे विश्व कप के लिए सर्वश्रेष्ठ 15 चुनने के लिए उनका ध्यान इसी पर केंद्रित होगा। चयनकर्ता इंग्लैंड दौरे के शुरुआत से टी20 में ऑलराउंडर की भूमिका अदा करने के लिए नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे की जोड़ी पर भरोसा जता सकते हैं।







