रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर देखने को मिला। मंगलवार शाम रायपुर समेत कई इलाकों में बादल छाए रहे और शाम होते-होते कुछ जगह तेज बारिश भी हुई।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से बुधवार सुबह कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद और राजनांदगांव में बारिश के अलावा बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो जगह भारी बारिश की संभावना है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
कमजोर होकर अवदाब में बदला मुरासु
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ पिछले 6 घंटों में 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। इस दौरान यह कमजोर होकर चक्रवाती तूफान की स्थिति में आ गया।
3 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तूफान आंध्र प्रदेश के बापटला से करीब 40 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में केंद्रित था। उस समय हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि झोंकों के साथ यह 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।
मौसम विभाग ने इसके 3 नवंबर की मध्यरात्रि तक और कमजोर होकर अवदाब में बदलने की संभावना जताई थी।
रायपुर में 31 डिग्री तक रहेगा तापमान
रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पेण्ड्रा रोड में सबसे कम तापमान
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रहा।
रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं, बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और जगदलपुर में 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।




