अंबिकापुर। जिले में नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार बाइक सड़क पर ब्रेकडाउन हालत में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गई।
तीसरे की हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया है। दोनों करीब दो साल से एलुमिना फैक्ट्री में काम कर रहे थे। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है।
फैक्ट्री में सेकेंड शिफ्ट के बाद निकले थे
बतौली क्षेत्र के तीनों युवक सिलसिला स्थित कुदरगढ़ी एलुमिना फैक्ट्री में सेकेंड शिफ्ट में काम करते थे। सोमवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद तीनों बाइक से बतौली की ओर लौट रहे थे। चिरंगा मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क पर ब्रेकडाउन हालत में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और डायल-112 टीम को दी।
इलाज के दौरान दो की मौत
घटनास्थल के पास रहने वाले राजेश कुमार गुप्ता ने टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को देखा और डायल-112 को सूचना दी। टीम तीनों को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची।
इलाज के दौरान अजय प्रधान (22), निवासी भटको और मुन्ना राम (22), निवासी बतौली क्षेत्र की मौत हो गई। दोनों को सिर में गंभीर चोट लगी थी। तीसरे घायल राजमोहन पैंकरा (27), निवासी बासेन को हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दो साल से फैक्ट्री में कर रहे थे काम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। बताया गया कि दोनों करीब दो साल से एलुमिना फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
हादसे वाली जगह ब्लैक स्पॉट
हादसा जिस जगह हुआ, उसे ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। अंबिकापुर से पत्थलगांव तक नेशनल हाईवे-43 पर कई ऐसे खतरनाक स्थान हैं, जहां पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं।



