बलौदाबाजार। जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। सोमवार देर रात घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी थी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से प्रेम धीवर (18) की सोमवार को ही बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई थी।
वहीं, गंभीर हालत में रायपुर रेफर किए गए राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों युवक मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के मौके पर पलारी आ रहे थे।
पहले देखिए तस्वीरें
तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में घुसी
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार देर रात पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास हुआ। तीनों युवक बाइक से दौदे से पलारी आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया था।
रायपुर के अस्पताल में दो युवकों की मौत
राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के तीसरे दिन दोनों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात शव गांव लाए गए। गुरुवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तीनों की उम्र 18 साल थी
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की उम्र 18 साल थी। प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के रहने वाले थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों आपस में मौसी के परिवार से रिश्तेदार थे।
प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं। प्रेम भी पिता के साथ होटल में काम करता था। तीनों नवरात्रि के मौके पर पलारी आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घोटिया मोड़ पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
घोटिया मोड़ को हादसों के लिहाज से खतरनाक जगह यानी ब्लैक स्पॉट माना जाता है। यहां लापरवाही के कारण अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं।
पलारी थाना प्रभारी प्रियस जान ने बताया कि हादसा पलारी थाना क्षेत्र में हुआ है, लेकिन तीनों की मौत अलग-अलग जगह पर हुई है। संबंधित मर्ग डायरी मिलने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की है।




