रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। इस नेटवर्क में नवजात बच्चे की जाति और धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए में सौदा किया जाता था। बच्चे खरीदने वालों को असली जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर दिया जाता था, ताकि बच्चा खरीदार परिवार का ही लगे।
बुधवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़ी 3 महिलाओं को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। मामला आजाद चौक थाने का है। सुंदरगढ़ (ओडिशा) की रहने वाली महिला की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं था। इसके तार ओडिशा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, चेन्नई और अहमदाबाद तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
आरोपी बच्चों को सड़क, ट्रेन और फ्लाइट से दूसरे शहरों तक पहुंचाते थे। कुछ मामलों में खुद जाकर बच्चों को सौंपने की जानकारी भी मिली है। शुरुआती जांच में 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे जुड़ा डेटा मिला है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इन महिलाओं ने अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की है।

पहले पढ़िए कैसे हुआ खुलासा
आरोपी महिलाओं ने पीड़िता के बच्चे का सौदा 8 लाख रुपए में करने की तैयारी की थी। इसमें कृतिका साहू को 5 लाख और अहिल्या को 3 लाख रुपए कमीशन मिलना था।
यह गिरोह नवजात बच्चों की जाति और धर्म बताकर 5 से 10 लाख रुपए तक में सौदा करता था। इसके लिए खासतौर पर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को निशाना बनाया जाता था।
उन्हें गर्भावस्था के दौरान मुफ्त इलाज, डिलीवरी और बच्चे की देखभाल का भरोसा दिया जाता था। इसके बाद खरीदारों की पसंद के मुताबिक नवजात बच्चों का सौदा किया जाता था।
बच्चे को नए परिवार का ही दिखाने के लिए उसके नाम से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाकर दिया जाता था। रायपुर पुलिस ने ऐसे ही बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है।
ऐसे खुला पूरा मामला: महिला घर से निकली, सड़क पर मिली पुलिस
मामले की शुरुआत ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक महिला से हुई। पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को कृतिका साहू ने अहिल्या नामदेव के घर पर रखा था। आरोप है कि यहां बच्चे को बेचने की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान महिला अहिल्या के घर से बाहर निकल गई और सड़क पर घूम रही थी। तभी पुलिस की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने महिला और उसके नवजात बच्चे को रेस्क्यू कर सखी सेंटर पहुंचाया। बाद में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए।
पूछताछ में महिला ने अपने साथ हुई घटना और बच्चे को बेचने की आशंका से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। डिजिटल सबूतों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को एक के बाद एक अहम कड़ियां मिलीं।
मुफ्त इलाज का भरोसा देकर रायपुर लाई थी कृतिका
रामकुंड निवासी कृतिका साहू (34) लैब टेक्नीशियन है। उसके दो बच्चे हैं। पति सुमित की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। कृतिका पहले कुछ अस्पतालों में काम कर चुकी है। इसी दौरान उसका संपर्क कई एजेंटों से हुआ।
जांच में सामने आया है कि पिछले महीने एक परिचित के जरिए उसकी पहचान ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली 21 साल की महिला से हुई थी। महिला आर्थिक रूप से कमजोर थी।
कृतिका ने उसे अच्छे अस्पताल में मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का भरोसा दिया। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ रायपुर आ गई। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद महिला का पति वापस चला गया।
आरोप है कि इसके बाद बच्चे को बेचने की तैयारी शुरू हुई। प्रसव के बाद महिला और उसके बच्चे को अहिल्या नामदेव के घर पर रखा गया था।

8 लाख में बच्चे का सौदा, दो को मिलना था कमीशन
पुलिस जांच से जुड़ी शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नवजात बच्चे का सौदा करीब 8 लाख रुपए में करने की बातचीत चल रही थी। बच्चा कमजोर बताया जा रहा था। इसी वजह से सौदे में देरी हो रही थी।
इस सौदे में दो महिलाओं को कमीशन मिलना था। एक को 5 लाख और दूसरी को 3 लाख रुपए देने की बात सामने आई है। यानी 8 लाख रुपए की पूरी रकम दोनों महिलाओं में बांटने की तैयारी थी।
हालांकि, सौदा पूरा होने से पहले ही महिला पुलिस के पास पहुंच गई। इससे बच्चे को बेचने की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस कमीशन की रकम और सौदे से जुड़ी पूरी जानकारी की जांच कर रही है।
बच्चे की देखभाल के लिए रोज देते थे 500 रुपए
पुलिस के मुताबिक, नवजात बच्चों को कुछ समय तक अपने पास रखने और उनकी देखभाल करने के लिए रोजाना 500 रुपए दिए जाते थे।
सुंदरगढ़ की महिला और उसके बच्चे को अहिल्या के घर पर रखा गया था। वहां दोनों की देखभाल के लिए कृतिका रोज 500 रुपए देती थी।
3 निजी अस्पतालों में प्रसव कराने की जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि कृतिका तीन निजी अस्पतालों में महिलाओं का प्रसव कराती थी। आरोप है कि अस्पताल के रजिस्टर और मेडिकल पर्ची में गर्भवती महिला की जगह उस महिला का नाम दर्ज कराया जाता था, जिसे बच्चा चाहिए होता था।
इससे जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होती थी और किसी को शक भी नहीं होता था। इसके बदले अस्पताल को 10 हजार रुपए और प्रसव का बाकी खर्च अलग से दिया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, सुंदरगढ़ की महिला का प्रसव गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साईं अस्पताल में कराया गया था। अस्पताल की भूमिका की जांच की जा रही है। डॉक्टरों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
पुलिस ने गुढ़ियारी के शांति अस्पताल के एक डॉक्टर को हिरासत में लिया है। दो अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को इन अस्पतालों में प्रसव कराने और पैसे के लेनदेन से जुड़े सुराग मिले हैं।
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में अस्पतालों की भूमिका की जांच
इस पूरे नेटवर्क में कुछ अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। DCP राबिनसन गुड़िया के मुताबिक, कुछ अस्पतालों की ओर से नगर निगम को फर्जी जन्म पंजीयन भेजे जाते थे। इन्हीं रजिस्ट्रेशन के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र तैयार होते थे।
पुलिस का कहना है कि अस्पतालों से आने वाले दस्तावेजों में डिस्चार्ज सर्टिफिकेट और इलाज से जुड़े रिकॉर्ड का पर्याप्त सत्यापन नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अस्पतालों की भूमिका और साक्ष्य सामने आने पर उनके खिलाफ अलग से FIR दर्ज की जाएगी।
व्हाट्सएप ग्रुप में होती थी बच्चों की सौदेबाजी
DCP राबिनसन गुड़िया के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट और दूसरी डिजिटल जानकारियां मिली हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने व्हाट्सएप की जानकारी भी पुलिस को दिखाई। इससे पता चला कि किन लोगों को कब बच्चों की तस्वीरें भेजी गईं, उनसे क्या बातचीत हुई और बाद में बच्चे किसे सौंपे गए।
पुलिस को यह भी पता चला है कि व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बच्चों की जानकारी साझा की जाती थी। संभावित खरीदारों को बच्चे की शक्ल, धर्म, जाति, जन्म की तारीख और वजन बताया जाता था। इन जानकारियों के आधार पर कीमत तय करने के लिए बातचीत होती थी।
ओडिशा बॉर्डर से मुंबई तक हैंडलर्स की तलाश
पुलिस की शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के कई ठिकानों और संपर्कों का पता चला है। रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर के आसपास कुछ हैंडलर्स के ओडिशा के लोगों के संपर्क में रहने की जानकारी मिली है।
मुंबई और बिलासपुर के आसपास भी कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में कुछ लोग बच्चों को उपलब्ध कराने, कुछ खरीदार तलाशने और कुछ पैसों का लेनदेन संभालने का काम करते थे।
बच्चों को दूसरे शहरों तक पहुंचाने के लिए सड़क, ट्रेन और फ्लाइट का इस्तेमाल किया जाता था। मुंबई, गुजरात, विशाखापट्टनम और चेन्नई तक बच्चों को पहुंचाने के सुराग मिले हैं। पुलिस अब पता लगा रही है कि किन लोगों ने बच्चों को एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाया और इसके बदले उन्हें कितने रुपए मिले।
पुलिस के मुताबिक, इन महिलाओं से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की कई कड़ियां सामने आई हैं। इसके अलावा एक-दो अन्य लोग भी संदेह के दायरे में हैं, जो बैंक खातों में पैसे लेने या नकद लेनदेन करने में शामिल हो सकते हैं। पुलिस इनके खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।
15 से 20 बच्चों की तस्वीरें मिलीं, फॉरेंसिक जांच से खुलेगी असली संख्या
पुलिस को शुरुआती जांच में करीब 15 से 20 बच्चों की तस्वीरें और उनसे संबंधित जानकारी मिली है। हालांकि, DCP ने स्पष्ट किया है कि अभी इसे अंतिम संख्या नहीं माना जा सकता। आरोपी मोबाइल से डेटा डिलीट भी करते थे।
अब मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। इससे पता चलेगा कि कितने बच्चों की तस्वीरें खरीदारों को भेजी गईं, कितने सौदे हुए और कितने बच्चों को वास्तव में दूसरे लोगों तक पहुंचाया गया।
पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 307/26 के तहत BNS की धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। मामले की जांच ACP आजाद चौक और उनकी टीम कर रही है।
पुलिस का कहना है कि बच्चों को उपलब्ध कराने से लेकर खरीदारों तक पहुंचाने, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पैसों के लेनदेन तक हर कड़ी की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।



