Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश के मध्य- उत्तर में भारी बारिश का अलर्ट; गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़: प्रदेश के मध्य- उत्तर में भारी बारिश का अलर्ट; गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह एक्टिव है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज (मंगलवार) भी मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में बने लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

हालांकि, विभाग का अनुमान है कि कल यानी 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों और उसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी।

अब तक 18% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में 1 जून से 6 जुलाई 213 मिमी (8.3 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 258.3 मिमी (10.1 इंच) है। यानी प्रदेश में अब तक 18% कम बारिश हुई है। हालांकि राज्य को अभी भी सामान्य l श्रेणी में रखा गया है।

रायपुर के मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज (मंगलवार) दिनभर बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

ऐसा रहा तापमान

सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड हुआ।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram