Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कोरबा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़: प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कोरबा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर 30 से 40 किमी की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है.

बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के चलते छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है. राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान में काले बादलों ने डेरा डालने दिया है. साथ ही बारिश भी हो रही है. सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन चुकी है. अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं. वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा हो सकती है.

प्रदेश के अधिकांश स्थानों में वर्षा हुई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों में भारी वर्षा दर्ज की गई. प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान  पेण्ड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.  अब तक का मौसमी सब-डिविज़नल वर्षा सामान्य रही है, जिसमें -9% का अंतर है.

रायपुर में बरसे बादल 

राजधानी रायपुर में सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. हल्की बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया है. मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है.

बारिश कराने वाला सिस्टम एक्टिव

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा के तटों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब 15 अगस्त से उसी इलाके में एक अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है. इसके चलते अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) बनने की संभावना है. सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

Facebook
X
WhatsApp
Telegram