Home » बिलासपुर » बिलासपुर : फ्रिज में धमाके से घर में लगी भीषण आग, महिला की जिंदा जलकर मौत

बिलासपुर : फ्रिज में धमाके से घर में लगी भीषण आग, महिला की जिंदा जलकर मौत

बिलासपुर।  जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। एक घर में फ्रिज में हुए अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। वहीं आग की चपेट में आने से घर में अकेली मौजूद एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, 57 वर्षीय जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले उनके भाई का निधन हो गया था। जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है।

रविवार देर रात अचानक घर में रखे फ्रिज में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद घर में आग लग गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया ।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram