Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: 1600 डिग्री तापमान का पिघला लोहा ठेकेदार पर गिरा, मौत; आग की लपटों के बीच सीढ़ियों से नीचे भागता दिखा मृतक

छत्तीसगढ़: 1600 डिग्री तापमान का पिघला लोहा ठेकेदार पर गिरा, मौत; आग की लपटों के बीच सीढ़ियों से नीचे भागता दिखा मृतक

दुर्ग।  जिले के बोरई-रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित काम के दौरान हुए हादसे में बिहार निवासी ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे मशीन से निकला 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी मौत हो गई।

हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसमें आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। वीडियो में दिखाई देने वाले दृश्यों और हादसे के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद संयंत्र में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और मशीन के संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने दावा किया है कि कंपनी के एक अन्य प्लांट में करीब दो साल पहले भी एक मजदूर की जलने से मौत हुई थी। उन्होंने कंपनी प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल, इस मामले में कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

जेडी इस्पात संयंत्र में पिघला लोहा गिरने से बिहार निवासी ठेकेदार की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar
जेडी इस्पात संयंत्र में पिघला लोहा गिरने से बिहार निवासी ठेकेदार की मौत हो गई।
संयंत्र में मशीन के नोजल से 1500-1600 डिग्री सेल्सियस वाला पिघला लोहा गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए थे। - Dainik Bhaskar
संयंत्र में मशीन के नोजल से 1500-1600 डिग्री सेल्सियस वाला पिघला लोहा गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए थे।

मशीन का नोजल नीचे आया, शरीर पर गिरा पिघला लोहा

पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार श्रीवास्तव इस्पात संयंत्र में ठेकेदारी का काम करते थे। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे संयंत्र में इस्तेमाल होने वाली टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ गया। इसी दौरान मशीन से निकलने वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। लोहे का तापमान करीब 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस बताया गया है।

पिघले लोहे की चपेट में आने से संतोष का पूरा शरीर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान 17 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी मौत हो गई। 18 अक्टूबर में दोपहर को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौप दिया गया, परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव ले कर बिहार ले गए।

पूर्वी चंपारण जिले के श्यामपुर गांव निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव - Dainik Bhaskar
पूर्वी चंपारण जिले के श्यामपुर गांव निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव

 - Dainik Bhaskar

बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले थे संतोष

मृतक की पहचान संतोष कुमार श्रीवास्तव, पिता स्वर्गीय कमला प्रसाद, निवासी ग्राम श्यामपुर, थाना सुगौली, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। वह काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ आए थे और बोरई औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस्पात संयंत्र में ठेकेदारी का काम कर रहे थे।

बताया गया है कि संबंधित प्लांट का निर्माण कार्य अभी जारी है, हालांकि इसके कुछ हिस्सों में काम शुरू हो चुका है। हादसा इसी कार्यरत हिस्से में हुआ। घटना के बाद कार्यस्थल पर मशीनों के संचालन और श्रमिकों की सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

 - Dainik Bhaskar

प्रिया साहू का दावा- कंपनी के दूसरे प्लांट में भी हुई थी मजदूर की मौत

जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने जेडी कंपनी प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि करीब दो वर्ष पहले कंपनी के एक अन्य प्लांट में भी एक मजदूर की जलने से मौत हुई थी। उनके मुताबिक, उस घटना के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए धरने पर बैठना पड़ा था।

प्रिया साहू के अनुसार, विरोध और धरने के बाद कंपनी ने मृत मजदूर के परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया था। उन्होंने मौजूदा हादसे के संदर्भ में कंपनी के रवैये पर असंतोष जताया है। हालांकि, पूर्व की घटना, मुआवजे और उससे जुड़े घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

अंजोरा चौकी में मर्ग कायम, जांच जारी

भिलाई के एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि 17 अक्टूबर को अंजोरा चौकी क्षेत्र के रसमड़ा स्थित पावर प्लांट में काम के दौरान एक व्यक्ति के जलने की घटना हुई थी। हादसे में बिहार निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मामले में अंजोरा चौकी में मर्ग क्रमांक 129/26 दर्ज किया है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत की गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और मौत से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram