Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: रायपुर, राजनांदगांव, भिलाई और बिलासपुर में ED और EOW के एक साथ छापे; शराब-कोल घोटाला मामले में कार्रवाई

छत्तीसगढ़: रायपुर, राजनांदगांव, भिलाई और बिलासपुर में ED और EOW के एक साथ छापे; शराब-कोल घोटाला मामले में कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में EOW और ED की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी है। सुबह से ही अलग-अलग टीमों द्वारा दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। इस कार्रवाई से प्रदेश में हड़कंप मच गया है।

रायपुर में अनवर ढेबर और VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर टीम पहुंची है। वहीं, राजनांदगांव में दो और भिलाई-बिलासपुर में एक-एक कारोबारी के ठिकाने पर दबिश दी गई है।

राजनांदगांवव में सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित वैभव गोलछा के मकान में दबिश। - Dainik Bhaskar
राजनांदगांव में सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित वैभव गोलछा के मकान में दबिश।

रायपुर में अनवर ढेबर और सुदर्शन शर्मा के घर जांच

रायपुर में EOW की टीम ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के घर छापा मारा। वहीं, VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर भी टीम पहुंची है।

यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। रायपुर में तीन से चार जगहों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।

राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर रेड

राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ दबिश दी। EOW की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान में छापा मारा।

दूसरी टीम ने लालबाग में कारोबारी जय बग्गा के घर और व्यावसायिक परिसर में जांच शुरू की। दोनों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है। टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल डिवाइस खंगाल रही है।

राजनांदगांव में लालबाग स्थित कारोबारी जय बग्गा के घर-दफ्तर में जांच। - Dainik Bhaskar
राजनांदगांव में लालबाग स्थित कारोबारी जय बग्गा के घर-दफ्तर में जांच।

भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर छापा

भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर EOW और ACB की टीम सुबह करीब 8 बजे पहुंची। यहां 5 से 6 अधिकारी जांच कर रहे हैं।

बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के घर दबिश

बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाहबाज खान के घर पर EOW और ACB की टीम ने छापा मारा। कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामले में उनके घर और अन्य ठिकानों पर जांच की जा रही है।

टीमों की ओर से अभी तक कार्रवाई में मिली सामग्री या दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram